NEWS PR डेस्क : बिहार सिर्फ अपनी पारंपरिक पहचान ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बेंगलुरु टेक समिट 2026 में बिहार के छह स्टार्टअप अपनी तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का दम दिखा रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI, रोबोटिक्स, ड्रोन और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में बिहार के उद्यमियों के इनोवेशन ने सबका ध्यान खींचा है। इस आयोजन के जरिए बिहार के स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नए निवेश और कारोबार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से 17 से 19 नवंबर तक बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित बेंगलुरु टेक समिट 2026 में बिहार की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। मंगलवार को बिहार राज्य पवेलियन का उद्घाटन उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने किया। इस मौके पर उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि यह गर्व की बात है कि बिहार के स्टार्टअप दूसरे राज्यों में भी अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार स्टार्टअप नीति 2022 के तहत उद्यमियों को वित्तीय सहायता, इन्क्यूबेशन और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस बार समिट की थीम ‘AI & Beyond’ रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप बिहार पवेलियन में छह स्टार्टअप अपनी तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इनमें रोबोमंथन प्राइवेट लिमिटेड ह्यूमनॉइड रोबोट और औद्योगिक ऑटोमेशन के क्षेत्र में काम कर रही है। हाइप्रोटेक इंडिया टेक्नोलॉजी शिक्षा, रोबोटिक्स, ड्रोन और AI लैब से जुड़ी तकनीक प्रस्तुत कर रही है। वहीं, स्काउटएज AI आधारित स्पोर्ट्स इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण और खेल प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद कर रहा है।
इसके अलावा एट्रोबोट ड्रोन्स इंफ्रास्ट्रक्चर, सौर ऊर्जा और खनन क्षेत्रों के लिए ड्रोन सर्वेक्षण और LiDAR मैपिंग तकनीक दिखा रहा है। एयरस्पेस ग्लोब एयरोस्पेस, UAV और कृषि ड्रोन के क्षेत्र में अपने नवाचार प्रस्तुत कर रहा है। वहीं, वायगॉट AI शिक्षा क्षेत्र के लिए आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक विकसित कर रहा है।
उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने भी स्टार्टअप संस्थापकों से बातचीत कर उनके तकनीकी नवाचारों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
गौरतलब है कि इस टेक समिट में बिहार की भागीदारी राज्य में स्टार्टअप संस्कृति, तकनीकी नवाचार और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि बिहार के युवा अपने नए विचारों को तकनीक आधारित सफल कारोबार में बदलें और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करें।
