कैमूर में DM कुमार अनुराग का एक्शन! जनता दरबार में अधिकारियों को लगाई फटकार, विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त निर्देश !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : बिहार के कैमूर में विकास योजनाओं में लापरवाही और आम लोगों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कुमार अनुराग एक्शन मोड में नजर आए। अखलासपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान डीएम ने न सिर्फ ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं, बल्कि संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंगलवार को अखलासपुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था। इसमें जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने विभिन्न विभागों से जुड़ी जनशिकायतों, लंबित आवेदनों और पंचायत स्तर पर चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर राशन कार्ड निर्माण तक के मामलों की समीक्षा हुई। डीएम ने अधिकारियों को आम लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और पात्र लाभुकों के लंबित राशन कार्ड आवेदनों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं, शिविर में अनुपस्थित पाए गए ब्लॉक कोऑर्डिनेटर से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी दिया गया।

इसके अलावा पंचायत के कई इलाकों में नालों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण की शिकायत सामने आई। इस पर डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी को माइकिंग कर लोगों को सूचना देने, स्थलों का निरीक्षण करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, विद्यालयों के कायाकल्प कार्यक्रम के तहत चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत सचिवों और मुखिया को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

भूमिहीन किसानों को भूमि उपलब्ध कराने के मामले में संबंधित अंचलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, खराब सड़कों की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। व्यक्तिगत घरेलू शौचालय योजना के लंबित कार्यों को पूरा कराने और पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को दी गई।

डीएम कुमार अनुराग ने स्पष्ट कहा कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान और पंचायतों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article