NEWS PR डेस्क : कटिहार में एक दर्दनाक घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया। दुकान से मोबाइल पर बात करते हुए निकले सब इंस्पेक्टर अचानक सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले उनकी हालत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना कटिहार के हृदयगंज इलाके की है। मृत सब इंस्पेक्टर नागेश्वर महतो मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले थे। वह पिछले छह महीने से कटिहार के सहायक थाना में पदस्थापित थे। इससे पहले सेमापुर थाना में तैनात थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि नागेश्वर महतो दुकान से फोन पर बात करते हुए बाहर निकलते हैं और कुछ ही कदम आगे बढ़ने के बाद अचानक सड़क पर गिर जाते हैं। उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आधिकारिक रूप से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
पुलिस केंद्र कटिहार में पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत सब इंस्पेक्टर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक सलामी दी। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी उन्हें नमन किया। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव रवाना किया गया। एक पुलिसकर्मी का इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना उनके परिवार और साथियों के लिए अपूरणीय क्षति है।
कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट ;-
