नीतीश सेतु का PM मोदी ने किया उद्घाटन,पूर्व CM को लगाया गले; पुल पर गमछा लहराकर जताई खुशी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। अब यह पुल ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा। उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गले लगाया। इसके बाद पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।

4,280 करोड़ की लागत से बना है नीतीश सेतु
नीतीश सेतु गंगा नदी पर बना एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं।

उद्घाटन के बाद PM मोदी का रोड शो
पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे थे। प्रधानमंत्री ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आसान होगा सफर
नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा पर आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में सहूलियत होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी यह पुल महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Share This Article