वैशाली में PM मोदी ने रामविलास पासवान को किया याद, बोले- उनकी आत्मा फूलों की वर्षा करती होगी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के विकास और NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की और राज्य को बदहाली से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

नीतीश सेतु से किसानों और युवाओं को होगा फायदा
प्रधानमंत्री ने नीतीश सेतु को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। किसानों को अपनी फसल बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी।
घोटालों से निवेश की ओर बढ़ा बिहार
PM मोदी ने कहा कि पहले बिहार की चर्चा घोटालों के लिए होती थी, लेकिन अब राज्य में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों, गया की स्टील परियोजना और मोतिहारी चीनी मिल को फिर शुरू करने की योजना का जिक्र किया।

गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाएं
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। 75 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने मुफ्त राशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और बिजली-पानी की योजनाओं को भी रेखांकित किया।

विकसित बिहार का संकल्प
प्रधानमंत्री ने बिहार को बिजली उत्पादन का केंद्र बनाने, सड़क नेटवर्क बढ़ाने और शिक्षा के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने दिवंगत रामविलास पासवान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा भी हम पर फूलों की वर्षा करती होगी।अंत में उन्होंने लोगों से विकसित भारत और विकसित बिहार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

Share This Article