NEWS PR डेस्क : मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। बेटी शिवांगी की शादी संपन्न होने के बाद अब अनंत सिंह ने सरेंडर करने की तारीख का ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि वह 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में सरेंडर करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि न्याय मिलेगा और वह जल्द जेल से बाहर आएंगे।
एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पटना हाईकोर्ट पर पूरा भरोसा है। जेल से बाहर आने के बाद ही वह अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति का खुलासा करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जेल से बाहर आने के बाद पूरे बिहार का दौरा करेंगे।
बेटे के चुनाव लड़ने पर क्या बोले अनंत सिंह?
अनंत सिंह से जब उनके बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले अपने बेटे और जनता से राय लेंगे। इसके बाद ही कोई फैसला करेंगे। वहीं, अपने चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
जेडीयू में वापसी पर भी दिया जवाब
जेडीयू में वापस जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने साफ इनकार किया। हालांकि उन्होंने नीतीश कुमार को अपना नेता और भगवान बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार को उनके साथ हो रही घटनाओं की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं।
आनंद मोहन के मामले पर सरकार को घेरा
पूर्व सांसद आनंद मोहन के सरेंडर ऑर्डर पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जरूरत के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल किया जाता है। जब जरूरत थी तो जेल से बाहर निकाला गया और अब जरूरत खत्म होने पर वापस जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी गलतियों की वजह से ही सरकारें बदलती हैं।
पटना छोड़ गांव में रहेंगे अनंत सिंह
अनंत सिंह ने बताया कि वह पटना स्थित सरकारी आवास खाली कर देंगे। अपने घोड़े बेचने के साथ पलंग और बाकी सामान भी गांव पहुंचा दिया है। अब वह पटना में नहीं रहेंगे। दिनभर काम करने के बाद अपने गांव नदवां लौट जाएंगे।
बेटी की विदाई पर भावुक हुए अनंत सिंह
बेटी शिवांगी की शादी में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों को हुई परेशानी पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जहां भी इतनी भीड़ होगी, वहां परेशानी होना स्वाभाविक है। खुद उन्हें घुड़दौड़ ग्राउंड से घर पहुंचने में पांच घंटे लग गए।वहीं, बेटी की विदाई पर भावुक होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि लोग फिल्म देखकर भी भावुक हो जाते हैं, जबकि उन्हें पता होता है कि वह फिल्म है। यहां तो उनकी अपनी बेटी थी, ऐसे में विदाई के समय भावुक होना स्वाभाविक है।