NEWS PR डेस्क: निशांत कुमार के जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी में शामिल होने के बाद पहली बार वह पटना स्थित जेडीयू के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। दफ्तर के बाहर कार्यकर्ता “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” जैसे नारे लगाते नजर आए, जिससे माहौल काफी उत्साहपूर्ण हो गया।
पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद निशांत कुमार ने एनडीए के कुछ युवा विधायकों के साथ बंद कमरे में अहम बैठक की। बताया जा रहा है कि इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, युवा नेतृत्व को आगे लाने और आगामी राजनीतिक रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में जेडीयू के कुछ युवा विधायक भी शामिल हुए। इनमें चेतन आनंद (नवीनगर), शुभानंद मुकेश (कहलगांव), कुमार प्रणय (मुंगेर), विशाल (नरकटियागंज) और अतिरेक कुमार (कुशेश्वर स्थान) जैसे नाम सामने आ रहे हैं। इन नेताओं को पार्टी की नई पीढ़ी के सक्रिय चेहरों में गिना जाता है और कई राजनीतिक जानकार इन्हें “टीम निशांत” का हिस्सा भी मान रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि जेडीयू के भीतर युवा विधायकों की एक टीम तैयार की जा रही है, जो आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है। विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने से पार्टी के भीतर युवा नेतृत्व को नई ऊर्जा मिल सकती है।
पार्टी के कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और अब उनकी नीतियों और सोच को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी का नेतृत्व सामने आना जरूरी है। इसी कारण निशांत कुमार के सक्रिय होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार के साथ कुछ युवा नेताओं का समूह लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इनमें कोमल सिंह (गायघाट), चेतन आनंद (नवीनगर), रूहेल रंजन (इस्लामपुर), मृणाल (वारिसनगर), ऋतुराज कुमार (घोषी) और शुभानंद मुकेश (कहलगांव) जैसे नेता शामिल बताए जा रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर निशांत कुमार इसी तरह पार्टी के नेताओं और विधायकों के साथ संवाद बनाए रखते हैं, तो आने वाले समय में जेडीयू की राजनीति में उनकी भूमिका और मजबूत हो सकती है। फिलहाल जेडीयू कार्यालय में हुई इस बंद कमरे की बैठक ने इतना जरूर संकेत दे दिया है कि निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं।