NEWS PR डेस्क : पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के कोरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कथित तौर पर नंगा बिजली का तार बिछाया गया था। इसी तार की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को मौके पर रखकर हंगामा किया और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
खेत में बिछे करंट प्रवाहित तार से हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, अशोक सिंह की ओर से खेत में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए नंगा बिजली का तार बिछाया गया था। इसी दौरान दोनों मजदूर खेत की ओर पहुंचे और करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान दीना मोची के पुत्र चिंटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह बाहर का रहने वाला मजदूर था।
मजदूरी की तलाश में गांव पहुंचे थे दोनों
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों मजदूरी का काम करते थे और मजदूरी की तलाश में कोरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान वे खेत की ओर गए, जहां कथित तौर पर बिछाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शवों को घटनास्थल पर रखकर हंगामा किया और खेत में खुले तौर पर करंट प्रवाहित तार बिछाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि फसल बचाने के लिए इस तरह खुले में बिजली का करंट छोड़ना बेहद खतरनाक है। इससे किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
फुलवारी शरीफ के एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि करंट लगने से दो लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। एक मृतक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट