अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ बाबाधाम रवाना हुए शिवभक्त

Shreya Raj
सावन की भक्ति में सराबोर सुल्तानगंज, कांवड़ियों की भीड़ से गंगा घाट से लेकर रास्तों तक भक्तिमय हुआ माहौल।

भागलपुर : सावन माह में सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ गंगा धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त सुल्तानगंज पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान किया और कांवड़ में गंगाजल भरकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। अजगैबीनाथ गंगा घाट से लेकर कांवरिया पथ तक पूरा इलाका भगवा और केसरिया रंग में रंगा नजर आया। चारों ओर शिवभक्तों की भीड़ दिखाई दी। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कांवड़िए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए बाबाधाम की ओर बढ़ते नजर आए। श्रद्धालुओं के जत्थे लगातार सुल्तानगंज से निकलकर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर रवाना हो रहे हैं।

नेपाल और भूटान से भी पहुंचे श्रद्धालु

इस धार्मिक यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्तों के अलावा नेपाल और भूटान के श्रद्धालु भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में कांवरियों के अजगैबीनाथ धाम पहुंचने से सुल्तानगंज का गंगा तट और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान किया। इसके बाद गंगाजल कांवड़ में भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम की पैदल यात्रा शुरू की।

प्रशासन की बेहतर व्यवस्था से श्रद्धालु खुश

यात्रा पर निकले शिवभक्तों ने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से कांवरिया यात्रा को लेकर बेहतर इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बेहतर व्यवस्थाओं के कारण इस बार यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक महसूस हो रही है। रास्ते में जरूरी सुविधाएं मिलने से कांवरियों को काफी राहत मिल रही है।

‘बाबा भोलेनाथ सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं’

बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे शिवभक्तों ने कहा कि बाबा भोलेनाथ औघड़दानी हैं और अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। इसी अटूट आस्था और विश्वास के साथ लाखों श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ रहे हैं। सावन के इस पवित्र महीने में अजगैबीनाथ धाम से शुरू हुई कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। गंगा तट से लेकर कांवरिया पथ तक हर तरफ भगवान शिव के जयकारे गूंज रहे हैं।

भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह

Share This Article