पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां पश्चिमी चंपारण जिले के नौतन प्रखंड क्षेत्र के डबरिया मकरीटोला में एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक छठु पटेल की अंतिम विदाई सामान्य शवयात्रा से बिल्कुल अलग रही।
परिवार की ओर से उनकी शवयात्रा में ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे के साथ आर्केस्ट्रा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों की प्रस्तुति और डांस देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, अंतिम यात्रा में आगे-आगे छठु पटेल की शवयात्रा चल रही थी, जबकि पीछे आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति होती रही। गाजे-बाजे के साथ निकली इस अनोखी शवयात्रा को देखने के लिए स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते यह दृश्य पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
अंतिम यात्रा का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात सामने आ रही है।
मृतक के पुत्र मुकेश पटेल ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि निधन के बाद उन्हें विदाई देते समय परिवार और ग्रामीण अत्यधिक गम में न डूबें। उनकी इच्छा थी कि अंतिम विदाई खुशी और उत्सव के माहौल में हो। पिता की इसी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए परिवार ने ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और आर्केस्ट्रा का इंतजाम किया।
हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान आर्केस्ट्रा और डांस कराने को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोग इसे अनोखी परंपरा बता रहे हैं,! जबकि परिवार इसे मृतक की अंतिम इच्छा का सम्मान बताते हुए विदाई का तरीका बता रहा है। फिलहाल छठु पटेल की यह अनोखी अंतिम यात्रा स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट –