NEWS PR डेस्क : बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। रामपुर श्यामचंद पंचायत में ढाब पार करने के दौरान एक छोटी नाव अचानक पलट गई, जिससे उस पर सवार लोग गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में कई मासूम बच्चियों के शामिल होने की जानकारी है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण, बीच ढाब में पलटी नाव
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन किया गया था। इसी भोज में शामिल होने के लिए गांव के करीब 20 लोग, जिनमें बच्चे और युवक भी शामिल थे, एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि नाव जैसे ही ढाब के बीच पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद नाव पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नाव पलटने की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।
अस्पताल में एक साथ कई लोगों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कई लोगों को मृत घोषित कर दिया।
17 लोगों को अस्पताल लाए जाने की जानकारी, तीन पटना रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 17 बच्चों और अन्य लोगों को राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। इनमें से तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। इस हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, मृतकों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि के लिए प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और लोग अपनों को खोने के गम में डूबे हैं।
पीएम मोदी ने जताया शोक
वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने पोस्ट किया कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।