NEWS PR डेस्क: पटना, 05 मई। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 1230 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे राज्य के विभिन्न प्रशासनिक और विभागीय पदों को भरा जाएगा।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में सबसे अधिक 365 पद राजस्व अधिकारी (RO) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130 पद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी (महिलाओं के लिए) के 101 पद, एसडीएम/एसडीओ के 100 पद और बीडीओ के 65 पद शामिल हैं।

अन्य महत्वपूर्ण पदों में डीएसपी (22), नगर कार्यपालक पदाधिकारी (54), श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (56), आपूर्ति निरीक्षक (31), सीडीपीओ (20), ईंख पदाधिकारी (44) और वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी (32) के पद भी शामिल हैं।
आरक्षण के लिहाज से 1230 पदों में से 1077 पद सामान्य श्रेणी के लिए हैं, जिनमें 344 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। वहीं 153 पद विशेष श्रेणी के अंतर्गत आते हैं, जिनमें 15 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन जुलाई 2026 में संभावित है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
BPSC की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को बिहार की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। इसके माध्यम से प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, राजस्व और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाता है, जो राज्य की शासन व्यवस्था में अहम भूमिका निभाते हैं।