भागलपुर(बांका) : बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के वंशीपुर गांव में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में एक ही परिवार के करीब छह लोग घायल हो गए। घायलों में 70 वर्षीय जफीर अंसारी भी शामिल हैं, जिन पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल जफीर अंसारी के सिर में चोट आई है, जबकि उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
खाना खाने के बाद घर में बैठे थे परिवार के लोग
पीड़ित राशिद अंसारी के मुताबिक, 6 तारीख की दोपहर करीब एक बजे परिवार के लोग खाना खाने के बाद घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान गुलाब अंसारी और अफरोज अंसारी कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही सभी ने राशिद अंसारी के छोटे भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे 70 वर्षीय पिता पर हमला
परिवार के लोग जब मारपीट रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने 70 वर्षीय जफीर अंसारी को भी निशाना बना लिया। आरोप है कि जफीर अंसारी पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, इसके अलावा उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
छह लोग घायल, गंभीर घायलों को मायागंज रेफर
इस घटना में एक ही परिवार के करीब छह लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना के बाद परिवार के लोगों ने इसकी सूचना 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और विरोध करने पर बुजुर्ग जफीर अंसारी पर भी हमला कर दिया। फिलहाल बौंसी पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह