NEWS PR डेस्क: पटना, 24 जून। भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में करोड़ों रुपये की संदिग्ध संपत्ति के साक्ष्य मिलने के बाद ईओयू ने मामला दर्ज कर उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
आर्थिक अपराध इकाई को मिली विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के बाद कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पवन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।
ईओयू की प्रारंभिक जांच में पवन कुमार के पास 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय की तुलना में लगभग 103.94 प्रतिशत अधिक है।

मामले में विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद बुधवार को छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। तलाशी अभियान पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली स्थित परिसरों में चलाया गया।
जिन स्थानों पर छापेमारी की गई उनमें पटना के कृष्णापुरी स्थित यमुना निवास अपार्टमेंट का फ्लैट, पटना स्थित कार्यालय, भागलपुर के तिलकामांझी स्थित आनंदगढ़ कॉलोनी का आवास, नोएडा सेक्टर-75 का फ्लैट, नोएडा का एक अन्य आवासीय परिसर तथा नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट शामिल हैं।
ईओयू की विभिन्न टीमों ने पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में इन सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, संपत्ति संबंधी अभिलेखों और अन्य बरामद सामग्री की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान जारी है और जांच पूरी होने के बाद बरामदगी तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
