NEWS PR डेस्क:मुंबई: हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। आशिकी, वेलकम, हेरा फेरी और गदर: एक प्रेम कथा जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। सनी देओल, अनुपम खेर, निर्देशक अनिल शर्मा समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम के मुताबिक, अभिनेता ने गुरुवार शाम करीब 7 बजे अंतिम सांस ली। बताया गया कि करीब पांच साल पहले उन्हें कैंसर का पता चला था, जिसके बाद वह इलाज से ठीक हो गए थे। हालांकि, करीब आठ दिन पहले बीमारी दोबारा सामने आई और उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक इस बार बीमारी आखिरी स्टेज में थी।
25 सितंबर को होगी अंतिम विदाई
मुश्ताक खान के बेटे के मुताबिक, शुक्रवार, 25 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद जनाजे की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद यारी रोड कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अभिनेता के निधन की खबर से उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी भावुक हैं। राजपाल यादव ने बताया कि निधन से करीब दो घंटे पहले ही वह मुश्ताक खान से मिलकर आए थे।
थिएटर से शुरू हुआ था अभिनय का सफर
बता दें कि मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अभिनय की शुरुआत थिएटर से की थी। साल 1980 में फिल्म अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में मुश्ताक खान ने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया। 1990 के दशक में आशिकी, सड़क, साथी, हम हैं राही प्यार के, क्रांतिवीर, राजा, मेजर साब और मन जैसी फिल्मों में उनके किरदार दर्शकों के बीच चर्चित हुए।
‘आशिकी’ से ‘वेलकम’ तक यादगार किरदार
फिल्म आशिकी में दर्जी रफू मास्टर और हम हैं राही प्यार के में भगवती प्रसाद मिश्रा का किरदार खास तौर पर पसंद किया गया। इसके बाद हेरा फेरी, मुझसे शादी करोगी, गदर: एक प्रेम कथा, जुड़वा नंबर 1 और राउडी राठौर जैसी फिल्मों में उन्होंने कॉमिक और सपोर्टिंग भूमिकाओं से अपनी अलग पहचान बनाई। 2007 में रिलीज हुई फिल्म वेलकम में मजनू भाई के साथी बल्लू के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। इसके बाद वह वेलकम बैक, स्त्री और स्त्री 2 जैसी फिल्मों में भी नजर आए।
अनुपम खेर ने दी श्रद्धांजलि
मुश्ताक खान के निधन पर अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुश्ताक खान के साथ काम करने की यादों को साझा करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा है, ‘मुश्ताक खान साहब के साथ काम करते हुए बहुत खूबसूरत यादें बनीं। उनके जाने की खबर सुनकर वे सारे दिन फिर आंखों के सामने आ गए। उनके बेटे मोहसिन और पूरे परिवार के साथ मेरी दिल से संवेदनाएं हैं’
सनी देओल ने कहा- शानदार कलाकार और उम्दा इंसान थे
सनी देओल ने भी मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया। उन्होंने उन्हें शानदार कलाकार और उम्दा इंसान बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में परिवार को हिम्मत मिलने की कामना की। उन्होंने लिखा-मुश्ताक खान के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। वे बहुत उम्दा इंसान और शानदार कलाकार थे। उनके साथ की बेहद खूबसूरत यादें हैं। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले’।
अनिल शर्मा भी हुए भावुक
निर्देशक अनिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर मुश्ताक खान के साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने लिखा कि दोनों ने साथ में कई फिल्में कीं और इतनी जल्दी मुश्ताक भाई के चले जाने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। मुश्ताक खान के निधन के साथ हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने चार दशक से अधिक के अपने करियर में कॉमेडी से लेकर सपोर्टिंग भूमिकाओं तक कई यादगार किरदार निभाए।