मैं जेल से डरने वाला नहीं हूं’, वाटर कैनन के बाद तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर बुधवार को पटना में RJD का बड़ा प्रदर्शन हुआ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से राजभवन तक करीब 5 किलोमीटर का मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में RJD नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

डाकबंगला पर बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। तेजस्वी यादव समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों की ओर पानी की बोतलें फेंके जाने की भी जानकारी सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया गया।
इनकम टैक्स चौराहे पर वाटर कैनन का इस्तेमाल
मार्च के दौरान इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने तेजस्वी यादव और उनके समर्थकों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, “मैं जेल से डरने वाला नहीं हूं। हमारे भगवान श्री कृष्ण का जन्म जेल में ही हुआ था।”


तिरंगा और पोस्टर लेकर मार्च में शामिल हुए कार्यकर्ता
मार्च में शामिल RJD कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा और पोस्टर नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर बढ़ रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता लकड़ी से बनी AK-47 की प्रतिकृति भी लेकर मार्च में पहुंचे हैं। सीवान की घटना को लेकर RJD सरकार से कार्रवाई और पूरे मामले में जवाब की मांग कर रही है।
पुलिस को संयम बरतने के निर्देश
मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जवानों को निर्देश दिया है कि प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान किया जाए और लाठी का इस्तेमाल बेहद समझदारी और आवश्यकता के अनुसार किया जाए। पटना प्रशासन की ओर से मार्च के रास्ते में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। राजभवन पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव की ओर से सीवान फायरिंग मामले को लेकर ज्ञापन सौंपे जाने की संभावना है।

Share This Article