NEWS PR डेस्क, भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आईं। सुल्तानगंज में निरीक्षण के दौरान उन्होंने अजगैबीनाथ मंदिर के समीप लगी हाईमास्ट लाइट को संभावित खतरा मानते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही
जिलाधिकारी अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर अजगैबीनाथ मंदिर के पास लगी हाईमास्ट लाइट पर पड़ी, जो श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई रेलिंग के बेहद करीब थी। डीएम ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिजली विभाग को दिए तत्काल निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा कि भले ही हाईमास्ट लाइट नगर परिषद द्वारा लगाई गई हो, लेकिन उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बिजली विभाग की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि हाईमास्ट लाइट के निचले हिस्से को जल्द से जल्द सुरक्षित कवर किया जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु के करंट की चपेट में आने जैसी घटना की आशंका न रहे। साथ ही कार्रवाई पूरी कर इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल औपचारिक निरीक्षण से काम नहीं चलेगा। संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को विद्युत सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरतनी होगी, ताकि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
हर वर्ष श्रावण माह में सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा घाट से लाखों कांवरिया पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निरीक्षण कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
