केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने बाराचट्टी से पार्टी विधायक ज्योति देवी पर हुए हमले को लेकर गया पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों की मानसिकता अब भी जातिगत सोच से प्रभावित है और इसी कारण विधायक की सुरक्षा में लापरवाही बरती गई।
“एक मुसहर महिला विधायक बन गई, यही कुछ लोगों को खटक रहा”
जीतन राम मांझी ने कहा कि विधायक ज्योति देवी पर हुआ हमला कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि यह उन पर अब तक का आठवां हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों को यह स्वीकार नहीं हो पा रहा कि मुसहर समाज की एक महिला विधायक बन गई है। उन्होंने मोहनपुर थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को विधायक के काफिले को पूरी सुरक्षा के साथ स्कॉर्ट करना था, लेकिन पुलिस कुछ दूर तक साथ गई और फिर बीच रास्ते से लौट गई। इसके बाद ही हमला हुआ।
“समय रहते कार्रवाई होती तो अपराधी पकड़े जाते”
मांझी ने कहा कि घटना के बाद दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन यदि तत्काल कार्रवाई की जाती तो आरोपी गिरफ्तार हो सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों को भागने का मौका मिल गया। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि हमलावर बिहार छोड़कर फरार होने की कोशिश में हैं।
सात दिनों का अल्टीमेटम
हम प्रमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सात दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उनकी पार्टी प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि विधायक की सुरक्षा में हुई चूक बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन भी हैं। ऐसे में इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
पीएम मोदी को स्वीडन में सम्मान मिलने पर दी बधाई
इस दौरान जीतन राम मांझी ने नरेंद्र मोदी को स्वीडन में सर्वोच्च सम्मान मिलने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सम्मान मिल रहा है और यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। मांझी ने उन्हें विश्व का प्रखर नेता बताया। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
हम विधायक ज्योति देवी पर हमले से नाराज़ जीतन राम मांझी, गया पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
विधायक पर हमले को लेकर मांझी का पुलिस पर बड़ा आरोप
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
