PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य विभाग के आश्वासन के बाद काम पर लौटे JDA

आश्वासन के बाद खत्म हुई हड़ताल, मरीजों को मिली राहत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में पिछले दिनों चली स्वास्थ्य सेवाओं की रुकावट के बाद राहत की खबर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद PMCH जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस ले ली है।
नर्सों के कार्य बहिष्कार से प्रभावित हुई थीं सेवाएं
इससे पहले मंगलवार को PMCH की नर्सों ने कार्य बहिष्कार किया था। इस दौरान करीब 8 घंटे तक इमरजेंसी सेवा, ऑपरेशन थिएटर (OT) और अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रभावित रहीं। अस्पताल में इलाज और सर्जरी व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ा और करीब 52 सर्जरी टालनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए PMCH अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने नर्सों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद नर्सें काम पर वापस लौट आईं।
जूनियर डॉक्टरों ने शुरू की थी हड़ताल
नर्सों के आंदोलन के बाद PMCH जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
बुधवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में डॉक्टरों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया। इसके बाद JDA ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।
मरीजों को मिली राहत
जूनियर डॉक्टरों के काम पर लौटने से PMCH में इलाज की व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य मंत्री के साथ जल्द बैठक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article