लखीसराय अशोक धाम हादसा: करंट की अफवाह से मची भगदड़, 7 महिलाओं की गई जान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार के लखीसराय में सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम के पास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में अब तक 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

करंट नहीं, भगदड़ से हुई मौत
हादसे के बाद शुरुआत में बिजली का 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिरने और करंट फैलने की बात सामने आई थी। हालांकि, लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की मौत करंट लगने से नहीं हुई, बल्कि भगदड़ के दौरान दबने से हुई।

प्रशासन के मुताबिक, अशोक धाम हॉल्ट पर एक साथ दो ट्रेनों के पहुंचने से अचानक भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान कुछ युवकों के भागने से अफरा-तफरी की स्थिति बनने लगी। भीड़ के दबाव में बिजली का एक पोल गिर गया। इसके बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई और श्रद्धालुओं में दहशत पैदा हो गई। प्रशासन का कहना है कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और तार कवर किया हुआ था। इसके बावजूद अफवाह के कारण लोग घबराकर भागने लगे। इसी दौरान भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए।
सुबह करीब 6:30 बजे बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच हुआ। सावन की सोमवारी होने के कारण अशोक धाम मंदिर में पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। दो ट्रेनों के रुकने के बाद भीड़ और बढ़ गई, जिससे स्थिति अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर एवं तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सावन में उमड़ती है भारी भीड़
अशोक धाम लखीसराय का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां सावन के महीने में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सावन की सोमवारी, महाशिवरात्रि समेत अन्य प्रमुख अवसरों पर यहां भारी भीड़ रहती है। मंदिर में भगवान शिव के अलावा मां पार्वती, नंदी महाराज और मां दुर्गा की भी प्रतिमाएं हैं। सोमवार को तीसरी सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक फैली अफवाह और भीड़ की अफरा-तफरी ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया।

Share This Article