गया जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेरघाटी अनुमंडल के बहेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक डाक पार्सल वैन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन के अंदर गुप्त तहखाना तैयार कर रखा था, लेकिन गुप्त सूचना और पुलिस की सतर्कता ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, डोभी-चतरा मुख्य मार्ग स्थित धीरजापुर पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध पार्सल वैन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त चैंबर से कुल 302 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वाहन में 5-5 किलोग्राम के 54 पैकेट और 2-2 किलोग्राम के 16 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन चालक चंदन कुमार और उपचालक सुजीत कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गांजा की खेप गुमला से लाई जा रही थी और इसकी डिलीवरी पटना में की जानी थी। तस्करों ने सामान्य जांच से बचने के लिए पार्सल वैन में विशेष गुप्त तहखाना बनवाया था। बहेरा थाना अध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि डोभी-चतरा मार्ग का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा है। इसी आधार पर विशेष जांच अभियान चलाया गया और बड़ी सफलता मिली।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। साथ ही गांजा की आपूर्ति और डिलीवरी से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। बरामदगी के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरे मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट