NEWS PR डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पटना STF, साइबर पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की पहली टीम ने राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में छापेमारी की। वहीं, दूसरी टीम बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट पहुंची। इसके अलावा पत्रकार नगर इलाके के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में भी पुलिस ने एक साथ कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि तीनों ठिकानों पर STF, साइबर पुलिस और स्थानीय थाने की टीम तैनात है। छापेमारी में 30 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हैं। राजा बाजार स्थित सुशीला रेजिडेंसी में करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों की टीम पहुंची थी। इस अभियान में SDPO रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
दरअसल, साइबर पुलिस को इन अपार्टमेंट में साइबर ठगी से जुड़े लोगों के छिपे होने की सूचना मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि इन ठिकानों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले से रणनीति तैयार कर तीनों जगहों पर एक साथ छापेमारी की।
अब तक की कार्रवाई में करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हालांकि, बरामद सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल तीनों अपार्टमेंट में जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस कथित साइबर ठगी नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
पटना में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा?STF और साइबर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
