NEWS PR डेस्क: बेंगलुरु, 10 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को बेंगलुरु दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ा अलर्ट सामने आया है। पीएम के निर्धारित कार्यक्रम स्थल के करीब जिलेटिन की दो छड़ें मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह बरामदगी उस इलाके में हुई, जहां प्रधानमंत्री को एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होना था।
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु के कनकपुरा रोड इलाके में सुरक्षा जांच के दौरान फुटपाथ किनारे जिलेटिन की छड़ें मिलीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह स्थान प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
सेंट्रल रेंज के डीआईजी ने बताया कि नियमित सुरक्षा जांच के दौरान विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना ऐसे समय हुई है, जब खुफिया एजेंसियों ने पहले ही संभावित आतंकी खतरे को लेकर दिल्ली समेत कई राज्यों को हाई अलर्ट पर रखा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के बाद संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई थी। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि लावारिस वस्तुओं, संदिग्ध गतिविधियों और खड़ी गाड़ियों पर लगातार नजर रखी जाए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ‘ध्यानमंदिर’ का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर सहित कई वीआईपी मौजूद रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार जिलेटिन की छड़ों का इस्तेमाल विस्फोटक तैयार करने में किया जाता है। भारत में इसकी बिक्री और भंडारण केवल लाइसेंस प्राप्त व्यक्तियों या संस्थाओं को ही अनुमति है। इसका नियमन पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) द्वारा किया जाता है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये जिलेटिन छड़ें वहां कैसे पहुंचीं और इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है या नहीं।