बिहार प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल, कई IAS अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 15 मई 2026 : बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार 1996 बैच के आईएएस अधिकारी के. सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग से स्थानांतरित कर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

2001 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश कुमार, जो वर्तमान में कोसी प्रमंडल सहरसा के आयुक्त थे, उन्हें प्रधान सचिव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं पंकज कुमार पाल को भवन निर्माण विभाग से हटाकर पथ निर्माण विभाग का सचिव बनाया गया है।

सरकार ने 2006 बैच के आईएएस अधिकारी अभय कुमार सिंह को खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से स्थानांतरित कर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का सचिव बनाया है। साथ ही बिहार राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।

इसके अलावा 2007 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक आनंद को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग से हटाकर खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग और खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

सरकार ने भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार जारी रखने का निर्देश दिया है। वहीं अवनीश कुमार सिंह को भागलपुर प्रमंडल से हटाकर खान एवं भूतत्व विभाग में सचिव-सह-खान आयुक्त बनाया गया है।

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल सहरसा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं जीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है।

इसके साथ ही पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। वहीं श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।

Share This Article