NEWS PR डेस्क:मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में रेल ट्रैक के नीचे महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति, पति की दूसरी पत्नी और एक कथित तांत्रिक ने मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रेल ट्रैक के नीचे मिला था महिला का शव
मामला पलनवा थाना क्षेत्र के मसीनाडीह हॉल्ट के पास का है, जहां 17 जून को रेल ट्रैक के नीचे एक महिला का शव मिला था। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह रहस्यमय था। इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT), जिला आसूचना इकाई (DIU) और फॉरेंसिक टीम (FSL) की मदद से जांच शुरू की।
पारिवारिक विवाद से शुरू हुई साजिश
पुलिस के अनुसार, लखौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले तपेश्वर सहनी ने नेपाल निवासी लक्ष्मी देवी से दूसरी शादी की थी। दूसरी शादी के बाद उसकी पहली पत्नी 45 वर्षीय मीना देवी के साथ लगातार पारिवारिक विवाद चल रहा था।इसी विवाद के दौरान सिकंदर सहनी उर्फ “भगत जी” नामक एक कथित तांत्रिक की एंट्री हुई। पुलिस का आरोप है कि उसने घर का विवाद सुलझाने के नाम पर दोनों पक्षों से पैसे मांगे और बाद में मीना देवी को झांसे में लेकर हत्या की साजिश रची।
नेपाल घुमाने का झांसा देकर बुलाया
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मीना देवी को नेपाल घुमाने और संपत्ति दिलाने का लालच देकर अपने साथ चलने के लिए तैयार किया। 17 जून को पति, उसकी दूसरी पत्नी और कथित तांत्रिक मीना देवी को ट्रेन से मोतिहारी से रक्सौल की ओर ले जा रहे थे।पुलिस के मुताबिक, मसीनाडीह हॉल्ट के पास चलती ट्रेन में ही मीना देवी की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रेल ट्रैक के नीचे फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
वैज्ञानिक जांच से खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा किया। डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
मोतिहारी: अंधविश्वास और लालच की खौफनाक साजिश, चलती ट्रेन में महिला की हत्या का खुलासा