गया,अफसर प्रशिक्षण अकादमी (OTA), गया में शनिवार को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड गरिमामय माहौल में आयोजित हुई। परेड के दौरान कुल 253 अफसर कैडेटों ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया।
इनमें SSC (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 तथा SSC (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेट शामिल रहीं। शानदार एवं अनुशासित ड्रिल के बीच कैडेटों ने देशसेवा के नए दायित्व की ओर कदम बढ़ाया।
वियतनाम सेना के लेफ्टिनेंट जनरल रहे समीक्षा अफसर
पासिंग आउट परेड के समीक्षा अफसर वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल Le Van Huong रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अफसर कैडेटों को विभिन्न पदक प्रदान किए और युवा सैन्य नेतृत्व को संबोधित किया।
पी. शशि कुमार को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर,
अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार को सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंडर चुने जाने पर प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने Overall Order of Merit में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक भी जीता। पी. शशि कुमार को गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला।
वहीं, बटालियन अंडर अफसर दीपक सिंह रावत ने Overall Order of Merit में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। उन्हें राजपूत रेजिमेंट में कमीशन प्रदान किया गया।
अकादमी कैडेट एडजुटेंट नवनीत सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। उन्हें पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन मिला।

कालीधर कंपनी को समग्र चैंपियन कंपनी बनने पर थल सेनाध्यक्ष बैनर प्रदान किया गया।
नवाचार और आधुनिक युद्धकौशल अपनाने पर जो ,
समीक्षा अफसर ने नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों को नवाचार अपनाने, ज्ञान को लगातार अपडेट करने और उभरती तकनीकों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने तेजी से बदलते युद्धक्षेत्र के अनुरूप स्वयं को ढालने तथा भारतीय सेना के मूल्यों को कायम रखते हुए परंपरा और दूरदर्शी नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया।
पिपिंग समारोह में भावुक हुए परिवार ,
पिपिंग समारोह अफसर कैडेटों और उनके परिवारों के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा। बिगुल की गूंज के बीच कैडेटों के कंधों पर अफसर के सितारे सजाए गए, जो उनके प्रशिक्षण से कमीशन प्राप्त अधिकारी बनने का प्रतीक बना।
अकादमी एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल प्रखर धागट ने नव-कमीशन प्राप्त अधिकारियों को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। सितारों से सजे कंधों और देशसेवा के संकल्प के साथ इन 253 युवा अधिकारियों ने भारतीय सेना में सम्मान, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के नए सफर की शुरुआत की।
गया से आशिस कुमार की रिपोर्ट ;—–