नंदन यादव के एनकाउंटर पर मांझी का तेजस्वी पर तंज, बोले- ‘सम्राट का सुशासन है भाई’

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस कार्रवाई में घायल होने के बाद बिहार में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशाना साधा है।
मांझी ने अपने पोस्ट में जमुई मामले का जिक्र करते हुए लिखा कि “HAM बोलता नहीं, करके दिखाता है।” उन्होंने तेजस्वी यादव के पुराने बयानों को आधार बनाकर उन पर राजनीतिक कटाक्ष किया और कहा कि अब वह यह कह सकते हैं कि “सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।”
‘अपने भाइयों को सचेत कर दें’—मांझी
जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने ‘भाइयों’ को सचेत कर दें। उन्होंने दावा किया कि सम्राट चौधरी की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है। पोस्ट के अंत में मांझी ने लिखा—“सम्राट का सुशासन है भाई।” मांझी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब जमुई की घटना को लेकर पहले से ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
भगवा गमछे को लेकर तेजस्वी ने साधा था निशाना
बता दें कि घटना से जुड़े वीडियो के सामने आने के बाद तेजस्वी यादव ने आरोपी के भगवा गमछा पहने होने का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी पर सवाल खड़े किए थे। तेजस्वी ने आरोपी के लिए “भगवा बलात्कारी” शब्द का इस्तेमाल किया था। अब नंदन यादव के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बाद मांझी ने तेजस्वी के इसी रुख पर पलटवार किया है।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस के अनुसार, नंदन यादव को गिरफ्तार करने के दौरान उसने पुलिस टीम पर हमला किया और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी जानकारी दी गई है। जमुई की यह घटना अब केवल आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रही है। पुलिस कार्रवाई, आरोपी की पहचान, वायरल वीडियो और राजनीतिक बयानबाजी के चलते मामला बिहार की सियासत में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share This Article