मुख्यमंत्री आवास पर बैठकों का दौर तेज, नई सरकार की रूपरेखा तय करने में जुटे नीतीश कुमार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 11 अप्रैल। Nitish Kumar के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार की राजनीति में तेज हलचल शुरू हो गई है। राजधानी Patna में शनिवार सुबह से ही बैठकों का दौर जारी है और माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे के साथ राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो सकता है।

मुख्यमंत्री आवास पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष Sanjay Jha और वरिष्ठ मंत्री Vijay Kumar Chaudhary ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। इन बैठकों में नई सरकार के गठन, जदयू की भूमिका, मंत्री पदों के बंटवारे और संभावित चेहरों पर गहन मंथन हुआ।

सूत्रों के अनुसार, 13 अप्रैल को मौजूदा सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक हो सकती है, जिसके बाद 14 अप्रैल को इस्तीफा और एनडीए विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है। इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

राजनीतिक संकेत साफ हैं कि नीतीश कुमार अब सक्रिय रूप से केंद्र की राजनीति में भूमिका निभाने की तैयारी में हैं। दिल्ली में उनके प्रवास के संकेतों ने इस चर्चा को और मजबूत किया है।

इस बीच, नई एनडीए सरकार के स्वरूप को लेकर भी अहम जानकारी सामने आ रही है। शक्ति संतुलन बनाए रखने के लिए जदयू को पहली बार डिप्टी सीएम पद मिल सकता है। चर्चा है कि पार्टी को दो उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का पद दिया जा सकता है, जबकि मुख्यमंत्री का पद भाजपा के पास जाने की संभावना है।

सबसे बड़ी चर्चा जदयू के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संभावित डिप्टी सीएम के तौर पर Nishant Kumar का नाम प्रमुखता से उभर रहा है। यदि ऐसा होता है, तो यह जदयू में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत होगा और पार्टी की कमान नई पीढ़ी के हाथों में जाती दिखेगी।

हालांकि, सार्वजनिक रूप से नेताओं द्वारा इसे ‘नियमित राजनीतिक प्रक्रिया’ बताया जा रहा है, लेकिन जिस तेजी से घटनाक्रम आगे बढ़ रहा है, उससे स्पष्ट है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन की पटकथा लगभग तैयार हो चुकी है। आने वाले 48 घंटे राज्य की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

Share This Article