गया में रिश्तों का कत्ल: जमीन विवाद में बड़े भाई की हत्या, आरोपी फरार

रिश्तों से बड़ा हो गया जमीन का विवाद

Rashmi Tiwari

बिहार के गया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डुमरिया प्रखंड के महूड़ी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही सगे दिव्यांग भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कृष्ण भगत के रूप में हुई है, जो दिव्यांग थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि जमीन बेचने को लेकर कृष्ण भगत और उनके भाई सूरजमल पाल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीती देर रात इसी मुद्दे पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।


आरोप है कि विवाद के दौरान सूरजमल पाल ने धारदार हथियार से कृष्ण भगत पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मगध मंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार अहले सुबह उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हत्या के बाद आरोपी सूरजमल पाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

.

Share This Article