NEWS PR डेस्क: पटना, 25 जून। पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई प्रशासनिक लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। PMCH के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया है। उनकी जगह डॉ. गीता सिन्हा को अस्पताल का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पदभार संभालने के बाद यह स्वास्थ्य विभाग की पहली बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है। विभागीय जांच में डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ अनधिकृत अनुपस्थिति, प्रशासनिक लापरवाही और सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोप सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया।
जानकारी के अनुसार 23 जून को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार PMCH के औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल में आयोजित एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के समय प्राचार्य डॉ. सिंह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। मंत्री ने बैठक के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन भी रिसीव नहीं हुआ।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि डॉ. सिंह ने न तो अवकाश के लिए कोई आवेदन दिया था और न ही अपनी अनुपस्थिति में किसी अन्य अधिकारी को प्रभार सौंपा था। इससे अस्पताल के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक मामलों पर चर्चा प्रभावित हुई।

स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि ड्यूटी अवधि के दौरान डॉ. सिंह अपने निजी क्लीनिक में मौजूद थे। जांच के दौरान उनके क्लीनिक के बाहर विभाग की सरकारी गाड़ी खड़ी मिलने की भी जानकारी सामने आई, जिसे सरकारी संसाधनों के निजी उपयोग के रूप में देखा गया है।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा था कि अस्पताल के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी का बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर मामला है। उन्होंने यह भी कहा था कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगभग 48 घंटे के भीतर स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच पूरी कर कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया। विभाग ने इसे कर्तव्यहीनता, प्रशासनिक लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला मानते हुए डॉ. सिंह को PMCH के प्रभारी प्राचार्य पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया।
नई व्यवस्था के तहत डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, बेतिया के मनोरोग विभाग में प्राध्यापक पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं डॉ. गीता सिन्हा को PMCH का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी अस्पतालों में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
