Patna EOU Raid : बिहार ओपन स्कूलिंग बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के 3 ठिकानों पर रेड

Rashmi Tiwari

पटना: आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने गुरुवार सुबह पटना और बेगूसराय स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

सुबह 8:30 बजे पहुंची EOU की टीम
जानकारी के मुताबिक, EOU की करीब 15 सदस्यीय टीम गुरुवार सुबह 8:30 बजे पटना के खाजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड के चंद्रतारा भवन पहुंची। टीम ने यहां उनके कार्यालय और आवास की तलाशी शुरू की। इसके साथ ही बेगूसराय स्थित उनके पैतृक आवास पर भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अजय कुमार सिंह अपने घर पर ही मौजूद हैं।

बेसमेंट और पार्किंग की भी जांच
EOU की टीम घर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच कर रही है। तलाशी के दौरान बेसमेंट, पार्किंग और अन्य स्थानों को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों की ओर से संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
3.43 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
EOU के अनुसार, जांच में अजय कुमार सिंह के खिलाफ 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य सामने आए हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के मुकाबले करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने कांड संख्या 19/26, दिनांक 19 अगस्त 2026, दर्ज किया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। EOU की कार्रवाई फिलहाल जारी है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि टीम को कितने दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात, नकदी या अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद हुआ है। आर्थिक अपराध इकाई की ओर से तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल EOU की टीमें पटना और बेगूसराय स्थित सभी संबंधित ठिकानों पर जांच में जुटी हुई हैं।

Share This Article