पटना को मिली नई सौगात, सीएम नीतीश ने किया मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन

Patna Desk
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


राजधानी पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से राहत देने के लिए आज, 16 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क परियोजना का उद्घाटन किया। यह परियोजना खासतौर पर पटना के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आई है। इस सड़क के चालू हो जाने से जहानाबाद, अरवल, गया, बिहारशरीफ सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों से पटना आना-जाना अब और भी आसान हो जाएगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

1400 करोड़ की लागत से बना आधुनिक पथ

करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत से बनी मीठापुर-महुली-पुनपुन सड़क परियोजना के अंतर्गत भूपतिपुर से लेकर एनएच-22 (गया-डोभी रोड) तक एलिवेटेड-सह-एटग्रेड सड़क का निर्माण किया गया है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने की।

चरणबद्ध तरीके से पूरा हुआ निर्माण

इस परियोजना का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया गया है। पहले चरण में सिपारा से महुली तक 4 लेन की एलिवेटेड और एटग्रेड सड़क तैयार की गई है। साथ ही भूपतिपुर अप-रैम्प (1.10 किमी) के माध्यम से इस पथ को एनएच-22 से जोड़ा गया है। महुली से पुनपुन तक 23 किलोमीटर लंबी 4 लेन एटग्रेड सड़क भी तैयार की गई है।

मीठापुर से सिपारा तक 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड पथ अभी निर्माणाधीन है, जिसे नवंबर 2025 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के अंतर्गत सिपारा में आरओबी, परसा में अंडरपास और रेलवे लाइन के पूरब-पश्चिम के इलाकों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी शामिल हैं।

पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच

इस सड़क से गया, राजगीर, औरंगाबाद और रांची जैसे शहरों के लिए यात्रा काफी आसान होगी। साथ ही राजधानी पटना से जुड़े धार्मिक, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों तक कम समय में पहुँचना संभव होगा। पितृपक्ष मेला जैसे आयोजनों के दौरान पुनपुन और गया जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।

पर्यावरण और सुरक्षा का रखा गया ध्यान

परियोजना में ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए उच्च गुणवत्ता के नॉइज़ बैरियर लगाए गए हैं। सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए पक्के नाले बनाए गए हैं और रात में बेहतर विजिबिलिटी के लिए स्ट्रीट लाइट तथा एलिवेटेड रोड के मिडियन में एंटी ग्लेयर स्क्रीन की व्यवस्था की गई है।

रेलवे ट्रैक और घनी आबादी के पास निर्माण होने के कारण एलिवेटेड सेक्शन को आरसीसी पियर्स पर सेगमेंटल डेक तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे न्यूनतम भू-अर्जन के साथ अधिकतम सड़क चौड़ाई सुनिश्चित की जा सके।


- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article