NEWS PR डेस्क: पटना के दानापुर रेलवे कॉलोनी इलाके से सोमवार को लापता हुई 10वीं कक्षा की छात्रा को पुलिस ने कोलकाता से सकुशल बरामद कर लिया है। छात्रा के अचानक गायब होने और रेलवे ट्रैक के पास उसका स्कूल ड्रेस व बैग मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया था।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा को बरामद करने के बाद टीम उसे पटना ला रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, छात्रा के पटना पहुंचने और उसके बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।
स्कूल से घर नहीं पहुंची थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने परिवार के साथ खगौल थाना क्षेत्र की लोको कॉलोनी में किराये के मकान में रहती है। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची। दोपहर करीब दो बजे तक जब छात्रा वापस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जानकारी ली। वहां पता चला कि छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल से निकल चुकी थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिला। सामान मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
चार घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन
छात्रा के लापता होने की खबर और रेलवे ट्रैक के पास उसका सामान मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। अपहरण की आशंका जताते हुए लोगों ने सोमवार शाम दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। शाम करीब छह बजे शुरू हुआ प्रदर्शन रात करीब 11 बजे तक चला। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने आगजनी भी की और छात्रा की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप भी लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
पुलिस ने बनाई SIT, स्कूल और कोचिंग में पूछताछ
छात्रा की तलाश के लिए दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल और कोचिंग संस्थान पहुंचकर शिक्षकों व सहपाठियों से पूछताछ की। पुलिस ने यह भी पता लगाने की कोशिश की कि स्कूल से निकलने के बाद छात्रा किन लोगों के संपर्क में थी और उसकी गतिविधियां क्या थीं। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
कोलकाता में मिली लोकेशन
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की लोकेशन कोलकाता में मिली। इसके बाद पुलिस टीम कोलकाता के लिए रवाना हुई और वहां से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा पटना से निकलने के बाद दूसरे कपड़े पहनकर कोलकाता गई थी। बताया जा रहा है कि उसने अपना स्कूल ड्रेस और बैग रेलवे ट्रैक के पास छोड़ दिया था। इसी वजह से शुरुआत में मामला बेहद गंभीर और संदिग्ध नजर आया।
बयान के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस छात्रा के संपर्क में रहे लोगों और उसके पटना से निकलने से लेकर कोलकाता पहुंचने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा के बयान और अन्य जांच से यह स्पष्ट होगा कि वह किन परिस्थितियों में पटना से बाहर गई। छात्रा के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।