NEWS PR डेस्क: पटना, 04 जुलाई। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के तहत आयोजित होने वाली ‘सोमनाथ यात्रा’ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा को लेकर शुक्रवार को कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार (भा.प्र.से.) ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी (भा.प्र.से.), संग्रहालय निदेशक कृष्ण कुमार (भा.प्र.से.) समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र, सामान प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कार्यान्वयन एजेंसियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, व्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के बाद कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि सोमनाथ यात्रा बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और गरिमामय यात्रा का अनुभव मिले। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर रेलवे प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में यात्रा संचालन से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।
गौरतलब है कि 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली इस सोमनाथ यात्रा में करीब 1100 श्रद्धालु विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ के लिए रवाना होंगे। बिहार सरकार की ओर से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित धार्मिक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं से भी जोड़ना है।
