दरभंगा में छात्र प्रदर्शन हिंसक, पुलिस पर पथराव; सिटी एसपी समेत कई घायल, हिरासत में 5

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क, दरभंगा : छात्र आंदोलन के दौरान गुरुवार को दरभंगा में उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिस पर पथराव कर दिया। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक पर हुई इस हिंसा के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागे गए। घटना में सिटी एसपी समेत कई पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, दो हजार से अधिक छात्र बिना पूर्व सूचना के कर्पूरी चौक पर एकत्र हुए। वहां से जुलूस निकालते हुए वे समाहरणालय रोड पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान भीड़ के एक हिस्से ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पथराव में सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी के पैर में गंभीर चोट लगी, जबकि एक सिपाही के सिर और चेहरे पर गंभीर जख्म आए। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी और करीब एक दर्जन राहगीर भी घायल हुए। गंभीर रूप से घायल सिपाही को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कौशल कुमार, डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन हालात नहीं संभलने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
हिंसा के बाद करीब दो घंटे तक लोहिया चौक और आसपास का इलाका तनावपूर्ण बना रहा। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उपद्रव में शामिल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रदर्शन के आयोजकों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।दरभंगा से रवि झा की रिपोर्ट

Share This Article