सुपौल में कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, 6 हजार बोतलें जब्त; मेडिकल एजेंसी संचालक हिरासत में

Shreya Raj
सुपौल में पुलिस की छापेमारी के दौरान बरामद कफ सिरप की पेटियों के साथ पुलिस टीम और संदिग्ध।

NEWS PR डेस्क : सुपौल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र में एक कूरियर गोदाम पर छापेमारी कर 6 हजार प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें बरामद की गई हैं। बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 11 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में सुपौल बस स्टैंड के सामने स्थित न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रमोद साह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गुप्त सूचना पर कूरियर गोदाम में छापेमारी

मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सुपौल-किशनपुर मुख्य मार्ग पर नगर परिषद वार्ड नंबर-4 के सुकमारपुर स्थित सेफ एक्सप्रेस कूरियर के गोदाम में छापेमारी की। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान गोदाम की तलाशी ली गई। छापेमारी में गोदाम से 50 पेटियों में रखी 6 हजार प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक बोतल की कीमत करीब 186 रुपये है। इस हिसाब से पूरी बरामद खेप की अनुमानित कीमत 11 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।

उत्तराखंड की कंपनी से मंगाई गई थी खेप

पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरप की खेप सुपौल बस स्टैंड के सामने स्थित न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह ने उत्तराखंड की श्रीनिवास कंपनी से मंगाई थी। यह खेप सेफ एक्सप्रेस कूरियर के माध्यम से सुपौल भेजी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने कूरियर गोदाम पर पहुंचकर खेप को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान खेप मंगाने वाले मेडिकल एजेंसी संचालक प्रमोद साह को हिरासत में लिया गया। उनसे प्रतिबंधित कफ सिरप मंगाने और इसकी संभावित सप्लाई को लेकर पूछताछ की जा रही है।

कूरियर संचालक ने भी दी जानकारी

सेफ एक्सप्रेस कूरियर के संचालक ओम प्रकाश राय ने बताया कि कफ सिरप की यह खेप न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह के नाम से मंगाई गई थी। पुलिस अब खेप के कागजात और इसे मंगाने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 11 लाख 16 हजार रुपये है और मामले की जांच जारी है। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर के मुताबिक, सदर थानाध्यक्ष को प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने सेफ एक्सप्रेस कूरियर के गोदाम में छापेमारी कर 6 हजार बोतल कफ सिरप बरामद किया।

सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

फिलहाल पुलिस ने बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप किस उद्देश्य से मंगाया गया था और इसे आगे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में प्रमोद साह के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।

सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा

Share This Article