मल्लिका की खूबसूरती पर तेज प्रताप का दिलचस्प कमेंट, बोले- तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों राजनीति से इतर मनोरंजन की दुनिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं। भोजपुरी मनोरंजन शो ‘भोजपुरी बवाल’ के आगामी एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत बतौर स्पेशल गेस्ट नजर आएंगी। शो के सामने आए प्रोमो में तेज प्रताप और मल्लिका के बीच जमकर मस्ती और हंसी-मजाक देखने को मिल रहा है।
मल्लिका को तेज प्रताप ने बताया ‘हॉट और सेक्सी
शो के एक प्रोमो में तेज प्रताप यादव और मल्लिका शेरावत एक कैफे में बैठे नजर आते हैं। बातचीत के दौरान मल्लिका मजाकिया अंदाज में तेज प्रताप से शिकायत करती हैं कि वह बिहार आई हैं, लेकिन तेज प्रताप ने अभी तक उनकी कोई तारीफ नहीं की। इसके बाद मल्लिका उनसे पूछती हैं, ‘कैसी लग रही हूं मैं?’ इस पर तेज प्रताप उनकी तारीफ करते हुए कहते हैं कि वह ‘हॉट और सेक्सी’ लग रही हैं। मल्लिका इसके बाद पूछती हैं, ‘और ब्यूटीफुल?’ तेज प्रताप जवाब देते हैं, ‘ब्यूटीफुल तो हैं ही आप।’
मर्डर’ फिल्म को लेकर भी हुई बातचीत
मल्लिका शेरावत इसके बाद तेज प्रताप से पूछती हैं कि क्या उन्होंने उनकी फिल्म ‘मर्डर’ देखी है। तेज प्रताप कहते हैं कि उन्होंने फिल्म देखी है। जब मल्लिका पूछती हैं कि कितनी बार देखी, तो तेज प्रताप जवाब देते हैं कि उन्होंने इसे बहुत बार देखा था। इसके बाद तेज प्रताप के शर्माने का अंदाज भी प्रोमो में देखने को मिलता है। मल्लिका उन्हें बांसुरी बजाने के लिए कहती हैं, जिसके बाद तेज प्रताप उनके लिए बांसुरी बजाते हुए नजर आते हैं।
तेज प्रताप ने मल्लिका के लिए बनाया सत्तू का शरबत
शो के एक अन्य प्रोमो में तेज प्रताप यादव मल्लिका शेरावत के लिए बिहार का मशहूर सत्तू का शरबत तैयार करते नजर आ रहे हैं। मल्लिका नमक और नींबू का जिक्र करती हैं, जिसके बाद तेज प्रताप सत्तू का शरबत बनाने का तरीका बताते हैं।
मल्लिका ने तेज प्रताप को सूट पहनने की दी सलाह
एक अन्य प्रोमो में मल्लिका शेरावत तेज प्रताप को सूट पहनकर आने के लिए कहती हैं। जब तेज प्रताप तैयार होकर आते हैं तो मल्लिका मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि उन्हें देखकर बिहार की सारी लड़कियां उन पर फिदा हो जाएंगी।इस पर तेज प्रताप भी मजाकिया अंदाज में मल्लिका से पूछते हैं कि ‘आप लट्टू हैं क्या?’ दोनों की यह बातचीत प्रोमो में काफी दिलचस्प नजर आ रही है।
हाथ की लकीरें देखकर तेज प्रताप ने की भविष्यवाणी
शो के एक अन्य प्रोमो में तेज प्रताप मल्लिका शेरावत की हथेली देखकर उनके भविष्य के बारे में बताते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह हाथ की रेखाओं को देखकर भविष्यवाणी करते हैं और भोजपुरी अंदाज में उनकी मुस्कान की तारीफ भी करते हैं। वहीं एक्सरसाइज के दौरान मल्लिका तेज प्रताप की मसल्स की तारीफ करती हैं। इसके बाद हरियाणवी अंदाज में उनकी मुस्कान की तारीफ करते हुए कहती हैं, ‘थारी स्माइल ने तो कमाल कर दिया।’ जवाब में तेज प्रताप भोजपुरी अंदाज में मल्लिका की मुस्कान की तारीफ करते हुए कहते हैं, ‘तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा, मल्लिका जी।’
सोशल मीडिया पर चर्चा में आई दोनों की केमिस्ट्री
‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो सामने आने के बाद तेज प्रताप यादव और मल्लिका शेरावत की बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रोमो में दोनों के बीच दिखाई दे रही मस्ती, मजाक और बातचीत को लेकर दर्शकों में आगामी एपिसोड के प्रति उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि शो का पूरा एपिसोड सामने आने के बाद तेज प्रताप और मल्लिका शेरावत की यह खास बातचीत दर्शकों को कितनी पसंद आती है।

Share This Article