NEWS PR डेस्क: पटना, 27 अप्रैल। तेजस्वी यादव ने बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार ने राज्य की महिलाओं के साथ “विश्वासघात” किया है। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान महिलाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर उनके साथ धोखेबाजी की गई।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एनडीए सरकार ने महिलाओं और जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपये भेजकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराया गया और कहा गया कि मतदान केंद्रों पर कैमरे लगे हैं तथा यदि एक विशेष पार्टी को वोट नहीं दिया गया तो पैसे वापस ले लिए जाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, चुनाव के समय महिलाओं को यह भी वादा किया गया था कि आगे चलकर उन्हें 2 लाख रुपये तक की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के छह महीने बाद भी न तो पहले से पंजीकृत 18 लाख महिलाओं को पहली किश्त मिली और न ही 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं एवं जीविका समूह से जुड़ी दीदियों को दूसरी किश्त दी गई।
तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार का खजाना खाली हो चुका है और सरकार केवल सत्ता बचाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी फायदे के लिए बड़े पैमाने पर धन वितरण किया गया, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि इस कथित नीति के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है और राज्य में अराजक स्थिति बन रही है।