सीवान गोलीकांड पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, पूछा- छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया?

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस फायरिंग का मामला अब राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनके साथ मौजूद रहा।

DGP के समक्ष उठाए कई सवाल
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके-47 से फायरिंग की गई, जिसमें कई छात्र घायल हुए। उन्होंने दावा किया कि तीन घायल छात्रों का इलाज अभी भी पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा है और वे स्वयं अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया और इसके लिए आखिर कौन जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सरकार से मांगा स्पष्ट जवाब
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ इतनी गंभीर कार्रवाई किसके निर्देश पर हुई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जवाबदेही तय होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।
संसद में भी उठा मुद्दा
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह मामला अब केवल बिहार तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे को संसद में भी उठाया है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से बिहार आकर घायल छात्रों से मिलने और घटनास्थल की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने का आग्रह करेंगे।
राजद ने संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान
तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल छात्र हितों से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने दोहराया कि पार्टी की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

Share This Article