NEWS PR डेस्क :– मुजफ्फरपुर : पूरा देश आज तिरंगे के रंग में रंग चुका है, आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले भर में सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में बड़े ही शान से तिरंगा फहराया गया. वही मुजफ्फरपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. !
जिसमे जिला प्रभारी मंत्री सह भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. साथ ही जिला पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों की परेड का निरीक्षण किया. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और इसके बाद प्रभारी मंत्री ने समारोह को संबोधित किया.!
संबोधन में दिलीप जायसवाल ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गर्व का क्षण है और इसे महापर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने मुजफ्फरपुर की धरती को नमन करते हुए कहा कि इस क्षेत्र का देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है.!

उन्होंने कहा कि संगीत, समाज कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में मुजफ्फरपुर का योगदान उल्लेखनीय रहा है.!
संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार कल्याणकारी राज्य की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। सरकार के सभी विभागों की ओर से विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में अपराध नियंत्रण और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि जिले में सड़क और पुल सहित बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है.!
सरकार की ओर से मुजफ्फरपुर के विकास के लिए कई योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है.!
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने जिले के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें मेडल प्रदान किए. मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और विभागीय कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने लेक फ्रंट, मरीन ड्राइव समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से जिले में विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में जल्द ही सेंट्रल यूनिवर्सिटी के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है.!
शिक्षा समेत कई अन्य क्षेत्रों में जिले को आगे ले जाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.!
संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार जिले के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शिक्षा, बुनियादी ढांचे तथा अन्य क्षेत्रों में लगातार काम करती रहेगी. !
समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र, तिरहुत रेंज डीआईजी चंदन कुशवाहा, डीडीसी, एसडीएम पश्चिमी आकांक्षा आनंद, एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, एएसपी टाउन सुरेश कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे.!
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट….