पटना में तिरंगा यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना। जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक सोमवार सुबह 7 बजे से प्रस्तावित तिरंगा यात्रा (पदयात्रा) को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। रूट डायवर्जन तिरंगा यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। यात्रा के दौरान आम वाहनों के लिए कई सड़कों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क) तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बुद्ध मार्ग में कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक पूर्वी दिशा में जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
छज्जूबाग एसडीओ आवास से टीएन बनर्जी रोड की ओर वाहनों की नो-एंट्री रहेगी।
बुद्ध मार्ग से छज्जूबाग मोड़ होते हुए एसडीओ आवास की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

इन रास्तों से गुजर सकेंगे वाहन
तिरंगा यात्रा के कारण लागू प्रतिबंध के बीच कुछ वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए गए हैं। वोल्टास मोड़ से उत्तर दिशा की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की ओर जा सकेंगे।आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे स्थित गोलंबर से गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले आगंतुकों को प्रवेश की अनुमति रहेगी।
मालवाहक वाहनों के लिए भी बदला रूट
तिरंगा यात्रा के दौरान मालवाहक वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की तरफ मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। इसी तरह मीठापुर से बुद्ध मार्ग तथा आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की ओर मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले ऑटो का रूट
पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से चलना होगा। ये वाहन डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य मोड़ होते हुए एक्जीविशन रोड तक जाएंगे। इसके बाद सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन लौटेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर बसें गांधी चौराहा-मछुआटोली-दरियापुर तिराहा-नाला रोड-पीरमुहानी-सीडीए बिल्डिंग गोलंबर-गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन तक जाएंगी। वापसी में भी बसें इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगी।
पटना सिटी से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का रूट
पटना सिटी से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट और बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक आ सकेंगे। वापसी में ये वाहन खजांची रोड से अशोक राजपथ की ओर जाएंगे और फिर गायघाट की तरफ निकलेंगे। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालक निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।

Share This Article