NEWS PR डेस्क : पटना में मंगलवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 और ग्रुप ‘D’ से जुड़े अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के कारण शहर में हलचल बढ़ गई है। अपनी मांगों को लेकर TRE-4 अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव करने पहुंचे हैं। वहीं, ग्रुप ‘D’ के अभ्यर्थी गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकाल रहे हैं। TRE-4 अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि BPSC TRE-4 में CTET 2026 में अपीयरिंग अभ्यर्थियों को भी शामिल होने का मौका दिया जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मांग को लेकर वे लगातार आवाज उठा रहे हैं।

इधर, ग्रुप ‘D’ अभ्यर्थियों के मार्च को देखते हुए जेपी गोलंबर के पास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इसके बाद तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे करीब 500 प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों के पोस्टर पर लिखा है, ‘चपरासी की परीक्षा ली तो नियुक्ति दो, नियुक्ति नहीं तो मृत्यु दो।’ प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर पर फोल्डिंग लगाकर धरने पर बैठे हैं। बताया जा रहा है कि ये अभ्यर्थी पिछले करीब 30 दिनों से गर्दनीबाग में धरना दे रहे थे।

प्रदर्शन और मार्च को देखते हुए पटना के कई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की है। सुरक्षा व्यवस्था में वाटर कैनन और राइट कंट्रोल वाहन भी तैनात किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित मार्ग पर नियंत्रित रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की गई है। प्रदर्शन के कारण शहर के कुछ हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की भी संभावना है।