बोधगया में नए आपराधिक कानूनों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय मंथन शुरू, सम्राट चौधरी हुए शामिल

सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों की मौजूदगी में चल रहे दो दिवसीय सम्मेलन में सम्राट चौधरी की भी रही उपस्थिति।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बोधगया: नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बोधगया में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय मंथन शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाई कोर्ट के न्यायाधीशों के साथ बिहार के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हो रहे हैं।


गया एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गया एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में कड़ी व्यवस्था की गई।
बोधगया में दो दिवसीय सम्मेलन
यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 4 और 5 जुलाई को बोधगया स्थित महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया जा रहा है। इसमें नए आपराधिक कानूनों के विभिन्न पहलुओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा होगी।सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीशों के साथ-साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और विधि विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। सभी प्रतिभागी नए कानूनों को लागू करने में आने वाली चुनौतियों और सुधारों पर विचार-विमर्श करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।यह सम्मेलन नए आपराधिक कानूनों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इससे न्याय व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article