NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जुलाई। मानसून के बीच संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार को सारण और वैशाली जिले के बाढ़ सुरक्षा एवं कटावरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव सबसे पहले सारण जिले के सोनपुर प्रखंड स्थित सबलपुर पछियारी टोला पहुंचे। यहां गंगा नदी के किनारे चल रहे कटावरोधी कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को बोल्डर एप्रोन का काम हर हाल में अगले 10 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्लोप में बोल्डर पिचिंग और अन्य सभी शेष कार्य इसी महीने के भीतर पूर्ण करने को कहा।

इसके बाद डॉ. सिंह वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के गनियारी गांव पहुंचे, जहां कटाव निरोधक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि गनियारी गांव और राष्ट्रीय राजमार्ग-122B की सुरक्षा के लिए चल रहे बोल्डर एप्रोन और स्लोप पिचिंग का कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से पहले सभी सुरक्षात्मक कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए, ताकि संभावित बाढ़ और नदी कटाव से लोगों की जान-माल और महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
