NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जुलाई। राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित अलंकार ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बुधवार को बताया कि 19 अप्रैल 2026 को बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने अलंकार ज्वेलर्स में घुसकर हथियार के बल पर सोने और चांदी के आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद रामकृष्णानगर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर धीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

एसपी (पूर्वी) के अनुसार, इस मामले में अब तक पुलिस 1737 ग्राम लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद कर चुकी है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक देशी कट्टा, एक पिस्तौल, तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और लूटकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
