NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण के रामनगर फ्लाईओवर पर मंगलवार को तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। फ्लाईओवर पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से फ्लाईओवर पर आ रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राहुल गुप्ता और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामनगर पहुंचाया। वहां डॉ. मिथिलेश कुमार और डॉ. आशीष कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया गया।
तीनों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है
घायलों की पहचान बेला गोला निवासी लालबाबू चौरसिया के 22 वर्षीय पुत्र गुनगुन कुमार, चौरसिया नगर निवासी मोहम्मद सलमान और एम.डी. मुमताज खान के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है।
डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल, बेतिया रेफर किया गया है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
