भागलपुर में महिला पर हमला, चार बच्चियां भी घायल; पुराने विवाद को लेकर बवाल

Rashmi Tiwari

भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र से मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। सलेमपुर गांव में पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसा में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी चार बच्चियां भी चोटिल हो गईं। घायल महिला का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।


घायल महिला की पहचान हेमलता देवी के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले जेसीबी मशीन ले जाने के दौरान उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी घटना को लेकर गांव में लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।आरोप है कि 4 जून को इसी विवाद के दौरान पड़ोसी रंजीत यादव, उनकी पत्नी फूलन देवी और अन्य लोगों ने हेमलता देवी तथा उनकी चार बेटियों के साथ मारपीट की। इस दौरान हेमलता देवी को गंभीर चोटें आईं। परिजनों का कहना है कि उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिर और कमर में भी गंभीर चोट लगी है। वहीं, चारों बच्चियां भी मारपीट में घायल हुई हैं।


घटना के बाद परिजनों ने हेमलता देवी को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।पीड़ित बलराम मंडल ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article