धान अधिप्राप्ति में इस जिला ने प्राप्त किया 77% लक्ष्य, डीएम ने लंबित भुगतान 48 घंटे में करने का दिया निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: जिला पदाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे धान अधिप्राप्ति कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में कुल 203 पैक्स और व्यापार मंडल धान अधिप्राप्ति कार्य में लगे हुए हैं। अब तक 6,944 किसानों से 38,749.42 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 77 प्रतिशत है।

अधिप्राप्त धान के भुगतान की स्थिति की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 6,803 किसानों को भुगतान किया जा चुका है, जो कुल किसानों का लगभग 98 प्रतिशत है। शेष किसानों के लंबित भुगतान को लेकर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बकाया राशि का भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि जिले से अब तक 3,741 मीट्रिक टन चावल भारतीय खाद्य निगम (एसएफसी) को उपलब्ध कराया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चावल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने और लक्ष्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करते हुए जिले में निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया जाए। साथ ही सभी पैक्स और संबंधित अधिकारियों को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शिता और तत्परता के साथ काम करने का निर्देश दिया।

बैठक में विजय कुमार सिंह, संयुक्त निबंधक, सहयोग समिति दरभंगा प्रमंडल; संजीव कुमार, सहायक निबंधक दरभंगा/बेनीपुर अंचल; जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा जिले के सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article