NEWS PR डेस्क: चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम माह मार्च में राजस्व संग्रह बढ़ाने को लेकर वाणिज्य कर विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश के आलोक में राज्य कर संयुक्त आयुक्त, मधुबनी अंचल के कार्यालय में अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और टैक्स असिस्टेंट के साथ यह बैठक संपन्न हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मार्च माह में अधिक से अधिक नकद कर संग्रह सुनिश्चित करना तथा विभाग द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी हितधारकों का सहयोग प्राप्त करना था। इस दौरान राज्य कर संयुक्त आयुक्त ने उपस्थित अधिवक्ताओं, सीए और टैक्स असिस्टेंट से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के करदाताओं को प्रेरित कर अधिक से अधिक नकद में कर भुगतान सुनिश्चित कराएं।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2025 में अधिवक्ताओं, सीए और टैक्स असिस्टेंट के सहयोग से लगभग 7 करोड़ रुपये का नकद कर संग्रह किया गया था। इस वर्ष मार्च 2026 के लिए विभाग ने 12 करोड़ रुपये नकद कर संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।
अधिकारियों ने कहा कि यह लक्ष्य तभी संभव है जब कर प्रशासन से जुड़े सभी पेशेवर सक्रिय भूमिका निभाते हुए करदाताओं को समय पर कर भुगतान के लिए जागरूक और प्रेरित करें। इससे न केवल राजस्व में वृद्धि होगी बल्कि राज्य के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट और टैक्स असिस्टेंट ने विभाग को लक्ष्य प्राप्ति में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिक से अधिक करदाताओं को नकद कर भुगतान के लिए प्रेरित करने की सहमति भी जताई। बैठक में वाणिज्य कर विभाग के कई पदाधिकारी और कर प्रशासन से जुड़े पेशेवर उपस्थित थे।