राम-राम, राधे-राधे… पास कर दीजिए’ — बिहार बोर्ड कॉपी देख चौंके शिक्षक

मूल्यांकन के दौरान सामने आई कुछ कॉपियों में छात्रों ने “जय श्री राम”, “राधे-राधे”, “कृष्ण-कृष्ण” जैसे शब्द लिखकर पूरी कॉपी भर दी है और परीक्षा नियंत्रक से पास कराने की अपील की है।

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार बोर्ड की इंटर और मैट्रिक परीक्षाएं खत्म होने के बाद अब कॉपियों के मूल्यांकन का काम चल रहा है। इसी दौरान भागलपुर में कॉपी जांच के दौरान कुछ ऐसी उत्तर पुस्तिकाएं सामने आई हैं, जिनमें छात्रों ने सवालों के जवाब की जगह भगवान का नाम लिखकर पास कराने की गुहार लगाई है। इन कॉपियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि इन वायरल तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मूल्यांकन के दौरान सामने आई कुछ कॉपियों में छात्रों ने “जय श्री राम”, “राधे-राधे”, “कृष्ण-कृष्ण” जैसे शब्द लिखकर पूरी कॉपी भर दी है और परीक्षा नियंत्रक से पास कराने की अपील की है। एक छात्र ने अपनी कॉपी में अपनी निजी परेशानियों और दिनचर्या का जिक्र करते हुए भी पास होने की गुहार लगाई है।

वहीं एक अन्य कॉपी में छात्र ने पूरे पन्ने पर बड़े-बड़े अक्षरों में “जय श्री राम” लिख दिया है। इसके अलावा एक कॉपी में ‘लाभ’ पर निबंध लिखने के सवाल के जवाब में छात्र ने आम के पेड़ पर निबंध लिख दिया। छात्र ने लिखा कि आम का पौधा 10 रुपये में खरीदकर 15 रुपये में बेचने से लाभ होगा, और यदि उसे लगा दिया जाए तो बड़ा होकर फल देगा जिससे और ज्यादा आम बेचकर फायदा होगा।

इस तरह की कई अजीबोगरीब चीजें कॉपियों में देखने को मिल रही हैं, जो चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

इस मामले में एक आर्ट्स शिक्षक ने बताया कि कॉपी जांच के दौरान इस तरह की बातें पहले ज्यादा देखने को मिलती थीं, हालांकि अब इसमें कुछ कमी आई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच यह गलतफहमी है कि कॉपी भर देने से नंबर मिल जाएंगे, जबकि ऐसा नहीं है। बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की *बारीकी से जांच* की जाती है और तय मानकों के आधार पर ही अंक दिए जाते हैं।

Share This Article